पानी को तरस रहे निवासी, जनरेटर की भी सुविधा नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर- 83 स्थित गोदरेज रिट्रीट सोसाइटी में तीन दिन से बिजली आपूर्ति बाधित रहते के चलते निवासियों ने गोदरेज रिट्रीट के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। निवासियों का कहना है कि तीन दिन से बिजली नहीं आई है। निवासी रात में मोमबत्ती जलाकर कार्य करते हैं। वहीं सोसाइटी में जनरेटर की भी सुविधा नहीं है।
भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। सोसाइटी निवासी प्रीति जैन का कहना है कि तीन दिन से एक सेकेंड के लिए भी बिजली नहीं आई है। इसके कारण लोग पानी को भी तरस रहे हैं। पीने के पानी की बोतल मंगाकर लोग अपने घरों के जरूरी कार्य कर पा रहे है। इस भीषण गर्मी में बिजली और पानी न होने से लोग परेशान है। जब भी इसको लेकर शिकायत की जाती है। तो उधर से मेल आता है कि माह के अंत में उत्तर दिया जाएगा। जोकि कभी नहीं आता है। सोसाइटी के प्रतिनिधियों से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
निवासी शिशिर जैन ने बताया कि लोग रात में दिया और मोमबत्ती जलाकर ग्रह कार्य कर रहे है। दफ्तर से थका हारा इंसान हवा में चैन की सांस नहीं ले सकता। वहीं पूरी रात गर्मी में काटनी पड़ रही है। लोगों को काफी परेशानी हो रही है। निवासी प्रशांत व हेमंत ने बताया कि सोसाइटी में जनरेटर की सुविधा भी नहीं है।
सोसाइटी में फिलहाल केवल 10 परिवार ही रहते हैं। केवल 10 परिवारों के लिए जनरेटर की सुविधा नहीं है। तो बाद में इसका क्या हाल होगा। वहीं जब सोसाइटी का दफ्तर देखते हैं तो वहां बिजली भी है और एसी भी चल रहा है। सोसाइटी वासियों के लिए कोई भी पावर बैकअप नहीं है। यदि जल्द ही समाधान नहीं किया गया तो आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।