पानी का वाल्व खोलने को लेकर हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। संत नगर में पानी का वाल्व खोलने को लेकर हुए विवाद में बिजलीकर्मी, उसकी मां और पत्नी के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह घटना 23 अक्तूबर की शाम को हुई।
संत नगर निवासी अब्दुल राजाक ने पुलिस को बताया कि वह सरकारी ट्यूबवेल चलाता है। 23 अक्तूबर की शाम करीब आठ बजे वह पानी की सप्लाई शुरू करने के लिए वाल्व खोल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला कप्तान वहां पहुंचा और अपने हिस्से का वाल्व पहले खोलने को कहा। विरोध करने पर कप्तान ने अब्दुल राजाक को गाली दी और थप्पड़ मारा। आरोप है कि इसके बाद कप्तान ने अपने परिवार के सदस्यों को बुला लिया। वे लाठी-डंडे और लोहे की सरिया लेकर पहुंचे और अब्दुल राजाक के साथ मारपीट की।
शिकायत के मुताबिक, अब्दुल राजाक के भागने पर आरोपियों ने उसे रोका और हमला किया। इसके बाद वे उसके घर में घुस गए और उसकी मां आसिया तथा पत्नी साबरा से भी मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में अब्दुल राजाक, उसकी पत्नी और मां को चोटें आईं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 24 अक्तूबर को शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।