संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पल्ला स्थित 220 केवी के इस्माइलपुर सबस्टेशन पर बुधवार को बिजली निगम के कर्मचारियों ने एसडीओ के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन ने एसडीओ के अड़ियल रवैये के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कर्मचारियों ने इस्माइलपुर दफ्तर पर जमकर नारेबाजी की।
ग्रेटर फरीदाबाद यूनिट के प्रधान सुनील चौहान ने बताया कि इस्माइलपुर के एसडीओ मनमोहन सिंह अपने ही साथी कर्मचारियों से बदतमीजी और गाली देकर बात करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सरासर गलत है, इसे बर्दाश्त नही किया जा सकता। कर्मचारियों ने पहले भी कई बार इस बात का विरोध किया है।
डिवीजन के प्रधान परवीन शर्मा व सचिव नरेश कुमार ने बताया कि जब कर्मचारियों ने एसडीओ मनमोहन से बात की तो उन्होंने बातचीत करने में रुचि नहीं दिखाई। बिजली निगम के कर्मचारियों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। प्रदर्शन में संदीप पंघाल, वीरसिंह रावत, राजेंदर नेहरा, सुरेन्दर पंघाल, बीर सिंह, सुनील, सचिन, नवीन, भूपेंदर, श्रवण, अजय दांगी सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे ।