फरीदाबाद। एनआईटी की डबुआ कॉलोनी, बापू नगर, बल्लभगढ़ में खाली पड़े 2296 मकानों में बिजली-पानी कनेक्शन का काम पूरा हो चुका है। साथ ही मकानों की मरम्मत का कार्य भी 30 जनवरी तक पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। परियोजना अधिकारी द्वारका प्रसाद ने बताया कि फ्लैटों को रहने लायक बनाने के बाद ही उसे मजदूरों को वरीयता के हिसाब से आवंटित किया जाएगा। इन मकानों में सीवर का भी कनेक्शन जोड़ दिया गया है। जल्द ही मकान सस्ती दरों में मजदूरों को आवंटित कर दिए जाएंगे।
नगर निगम के परियोजना अधिकारी द्वारका प्रसाद ने बताया कि मकानों का मरम्मत कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद है। नगर निगम की ओर से डबुआ कॉलोनी में 2500 रुपये और बापू नगर में 3000 रुपये मासिक किराया मकानों का तय किया गया है। निगमायुक्त डॉ. यश गर्ग की ओर से प्रस्ताव को मंजूरी के लिए शहरी स्थानीय निकाय विभाग को भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि जब तक स्थायी रूप से जरूरतमंद लोगों को मकान आवंटित नहीं किए जाते, तब तक यह मकान मजदूरों को किराये पर दिए जा रहे हैं। लोग यहां रहने लगेंगे, तो इससे मकान जर्जर नहीं होंगे।