बसों की संख्या 273 से बढ़ाकर 500 करने का निर्णय लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बजट 2026-27 में फरीदाबाद के परिवहन ढांचे को मजबूत करने के लिए कई अहम घोषणाएं की गई हैं। फरीदाबाद सहित प्रदेश के 12 शहरों में संचालित इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा को और सुदृढ़ किया जाएगा। प्रदेश में खरीदी जा रही 50 नई इलेक्ट्रिक बसों और कुल 1,000 नई बसों का सीधा लाभ फरीदाबाद के यात्रियों और विद्यार्थियों को भी मिलेगा। इससे दैनिक सफर अधिक सुगम, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल होगा।
महिला यात्रियों और छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समर्पित बसों की संख्या 273 से बढ़ाकर 500 करने का निर्णय लिया गया है। इसका लाभ फरीदाबाद की छात्राओं को भी मिलेगा, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी। प्रदेश स्तर पर स्थापित होने वाले केंद्रीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से फरीदाबाद की सार्वजनिक सेवा वाहनों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी बसों में ट्रैकिंग डिवाइस और पैनिक बटन लगाए जाएंगे, ताकि आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रत्येक जिले में स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र स्थापित करने की घोषणा के तहत फरीदाबाद में भी आधुनिक वाहन फिटनेस जांच केंद्र खोला जाएगा। इससे वाहन जांच प्रक्रिया पारदर्शी और तकनीकी रूप से अधिक सुदृढ़ होगी। इसके साथ ही महिलाओं के नाम पंजीकृत गैर-परिवहन वाहनों पर एक प्रतिशत मोटर वाहन कर छूट का लाभ फरीदाबाद की महिला वाहन मालिकों को मिलेगा। इलेक्ट्रिक वाहनों पर कर छूट बढ़ाने का प्रस्ताव शहर में ई-व्हीकल को बढ़ावा देगा। कुल मिलाकर, बजट 2026-27 में फरीदाबाद को इलेक्ट्रिक बस विस्तार, महिला सुरक्षा उपाय, स्वचालित परीक्षण केंद्र और टैक्स राहत जैसी कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं, जो शहर के परिवहन तंत्र को नई दिशा देंगी।