फरीदाबाद। हरियाणा विधानसभा चुनाव में मतदान फीसदी बढ़ाने के लिए आयोग तमाम तरह के नए-नए प्रयोग कर रहा है। जिले के सभी छह विधानसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को खत्म हो गई। सात अक्तूबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। 21 को मतदान व 24 को मतगणना होगी। इस चुनाव में मत फीसदी बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग लगातार सोशल मीडिया पर प्रयासरत है। फेसबुक व ट्विटर पर आयोग रोज नए-नए प्रयोग कर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित कर रहा है।
आयोग ने अपने ट्विटर हैंडल पर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए एक परिवार समूह की तस्वीर वाली कार्टून जारी कर मतदान प्रक्रिया को उत्साहित बनाने का प्रयास किया है। इस तस्वीर वाली कार्टून के माध्यम से आयोग युवा मतदाताओं को ‘वाह इलेक्शन वाह का स्लोगन’ देकर पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं के उत्साह को और कई गुना बढ़ा दिया है। इस तस्वीर में एक हाथ में मतदाता पहचान पत्र लेकर एक युवा मतदाता मतदान प्रक्रिया का हिस्सा बनने की खुशी जता रहा है। आयोग ने इसके माध्यम से युवा पीढ़ी को मतदान केंद्र तक खींचने का पूरा प्रयास किया है। इस बार के विधानसभा चुनाव में करीब जिले के सभी छह विधानसभा को मिला कर 1492234 मतदाता 21 अक्तूबर को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में पसंद के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे। इनमें करीब 824244 पुरुष मतदाता व 667946 महिला मतदाता शामिल हैं।