पीपीपी की गड़बड़ियों ने बढ़ाई परेशानी, सम्मान भत्ते का लाभ नहीं मिल पा रहा
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बुढ़ापे में आर्थिक सहारा देने वाली पेंशन पाने के लिए बुजुर्गों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। कोई नई पेंशन बनवाने के लिए भटक रहा है तो कोई बंद पड़ी पेंशन दोबारा शुरू कराने के लिए अधिकारियों के पास पहुंच रहा है। दस्तावेज पूरे होने के बावजूद कई बुजुर्गों के आवेदन प्रक्रिया में अटके हुए हैं। परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में दर्ज आय का मिलान नहीं होने, नाम में अंतर और उम्र का सत्यापन लंबित रहने से उन्हें सम्मान भत्ते का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में रोजाना करीब 200 लोग पेंशन से संबंधित समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। इनमें 100 से अधिक लोग नए सिरे से पेंशन बनवाने के लिए आते हैं। इसके अलावा पेंशन रुकने, फोटो अपलोड कराने और दस्तावेजों में सुधार कराने से जुड़े मामले भी सामने आते हैं। कई लोगों को समस्या के समाधान के लिए जिला समाज कल्याण विभाग और सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के बीच चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
विज्ञापन
पीपीपी में गलत जानकारी से अटक रहे आवेदन
पेंशन के लिए आवेदन करने वाले बुजुर्गों का कहना है कि परिवार पहचान पत्र में दर्ज गलत जानकारी उनके लिए सबसे बड़ी परेशानी बनी हुई है। कई पात्र बुजुर्गों की पीपीपी में पारिवारिक आय निर्धारित सीमा से अधिक दर्ज होने के कारण पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं, नाम और उम्र का रिकॉर्ड सत्यापित नहीं होने से भी आवेदन आगे नहीं बढ़ रहे हैं। बुजुर्गों का कहना है कि उम्र और शारीरिक कमजोरी के कारण बार-बार सरकारी कार्यालय पहुंचना आसान नहीं है। विभाग को आवेदन में पाई गई कमी की स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए और उसके सुधार में भी मदद करनी चाहिए।
पेंशन का लाभ देने से पहले पीपीपी में दर्ज आय, उम्र और अन्य जानकारियों का सत्यापन किया जाता है। सभी विवरणों का मिलान होने के बाद ही लाभार्थी का नाम सूची में शामिल होता है। निदेशालय की ओर से पात्र लाभार्थियों की सूची भेजी जाती है।- ममता शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी