बीके सिविल अस्पताल में कोरोना वैक्सीन लगवाते बुर्जुग ।
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। कोरोना से बचाव के लिए एक ओर बुजुर्गों को प्रेरित कर टीकाकरण बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। तो दूसरी ओर लगातार एक सप्ताह से बुजुर्गों को ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा नहीं मिल रही है। ऐसे में मौके पर पहुंचकर ही उन्हें टीकाकरण कराना पड़ा रहा है। इससे अस्पताल प्रबंधन भी इस बात का पूर्वानुमान नहीं लगा पा रहा है कि कितने बुजुर्ग व दीर्घकालीन बीमारी से पीड़ित 45 से अधिक उम्र के लोग टीकाकरण के लिए पहुंचेंगे। उधर लगातार परेशानी के कारण बुजुर्गों के परिजन भी टीकाकरण के लिए की जा रही व्यवस्था से निराश हैं। वहीं, सरकारी निजी अस्पतालों में टीकाकरण में परेशानी झेल रहे बुजुर्गों में अब तक टीकाकरण का जोश बरकरार है, लेकिन इसका खामियाजा वह लंबी लाइन में अपनी बारी का इंतजार कर उठा रहे हैं। सोमवार को एनआईटी-1 से आए बुजुर्ग गुलशन ने बताया कि उनकी उम्र 70 वर्ष है। वह करीब 12 बजे टीकाककरण के लिए बीके सिविल अस्पताल पहुंचे। वह लगातार अपने पोता-पोती से टीकाकरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराने की गुजारिश कर रहे थे। बच्चों ने पोर्टल ठप होने के कारण उनका पंजीकरण नहीं किया। ऐसे में वह सोमवार को सिविल अस्पताल पहुंचकर खुद को कोरोना से सुरक्षित करने पहुंचे थे। गुलशन का लाइन में 18वां नंबर था। उधर लाइन में करीब 40 बुुजुर्ग थे। वहीं फोर्टिस अस्पताल में महिला दिवस पर 80 महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई।
3444 लोगों ने लगवाई वैक्सीन
टीकाकरण लाभार्थी पहली डोज दूसरी डोज
हेल्थ केयर वर्कर 159 236
फ्रंट लाइन वर्कर 30 120
45 वर्ष से अधिक उम्र के मरीज 271 00
60 वर्ष से अधिक के बुजुर्ग 2628 00
23 नए संक्रमित मिले
जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को दो महीने बाद सक्रिय मरीजों का आंकड़ा सौ के पार हो गया। सोमवार को जिले में 23 नए मामले मिले। वहीं, एक संक्रमित की मौत हो गई। इस दौरान मात्र छह मरीज ही स्वस्थ हुए। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सोमवार को सेक्टर- 2, 8, 9, 14, 15, 28, 31, 46, 84, 88, ग्रीन वैली, ग्रीन फील्ड कॉलोनी और त्रिखा कॉलोनी से मामले सामने आए। अभी तक 46615 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। वहीं, 46083 लोग स्वस्थ हुए हैं। वहीं कोरोना की चपेट में आए 419 संक्रमित दम तोड़ चुके हैं। जिले 113 मामले सक्रिय हैं। इनमें से 13 अस्पतालों में भर्ती हैं। शेष सौ मरीज होम आइसोलेशन में उपचाराधीन हैं। कोविड नोडल डॉ. रामभगत ने बताया कि 1048 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। प्रति एक लाख की आबादी में 30470 सैंपल लिए जा रहे हैं। अबतक 548476 सैंपल लिए जा चुके हैं।