फरीदाबाद। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव को ट्रैक से हटवाया। प्रारंभिक जांच में मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। जीआरपी के उपनिरीक्षक धनिराम ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 80 वर्ष थी। उन्होंने पीले रंग के कपड़े पहने हुए थे और उनका पहनावा साधु जैसा था। पुलिस ने पहचान के लिए हरियाणा के सभी जीआरपी थानों और फरीदाबाद जिले के थाना प्रभारियों को सूचना भेजी है। इस मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई की गई है। संवाद