-विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, गाली-गलौज और मारपीट करने वाले आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 11 मई को शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई है।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने ओल्ड चौक और सेक्टर-14 से पांच लोगों को शांति भंग करने के आरोप में पकड़ा गया है। सेक्टर-14 में सरेआम गाली-गलौज कर रहे राजेश को काबू किया गया। सेक्टर-16 ओल्ड चौक पर राहगीरों को परेशान करने और आपस में झगड़ा करने के आरोप में धनोज, दीपक समेत अन्य को गिरफ्तार कर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दूसरी ओर मारपीट की घटनाओं में तीन अन्य लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सेक्टर-16ए के पास सड़क पर झगड़ रहे राहुल और सीताराम को पुलिस ने दबोचा है। वहीं, सूरजकुंड क्षेत्र में दयाल नगर निवासी दो भाइयों, पुनीत और रणजीत को सड़क पर झगड़ा कर जाम लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने स्पष्ट किया है कि शहर की शांति से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।