रात 10 बजे गई बिजली सुबह छह बजे हुई बहाल, स्थायी समाधान की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पर्वतीय और जवाहर कॉलोनी में बुधवार रात करीब 10 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे पूरी रात लोगों को भीषण गर्मी में बिना बिजली के गुजारनी पड़ी। बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे बिजली बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। रातभर बिजली नहीं रहने से बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे अधिक परेशान रहे। गर्मी और उमस के कारण अधिकांश लोग घरों की छतों और गलियों में टहलकर रात बिताने को मजबूर हुए।
पर्वतीय कॉलोनी निवासी मधू और शिवम का कहना है कि क्षेत्र में बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। आए दिन बिजली के लंबे कट लगते हैं, जिससे हमें काफी परेशानी होती है। लंबे बिजली कट के कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। सुबह लोगों को पानी भरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिससे घरेलू कार्य भी प्रभावित हुए। लोगों का आरोप है कि बिजली और पानी की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा।
जवाहर कॉलोनी निवासी कुलदीप और भगवती ने बताया कि इससे पहले भी क्षेत्र के लोग बिजली और पेयजल संकट को लेकर कई बार सड़क जाम कर प्रदर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों ने हर बार जल्द समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ। लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने बिजली निगम और जिला प्रशासन से मांग की है कि पर्वतीय कॉलोनी और जवाहर कॉलोनी में बिजली आपूर्ति सुचारु करने के साथ पेयजल व्यवस्था भी दुरुस्त की जाए।