ग्रीन, यलो और रेड जोन में बांटे गए सरकारी स्कूल, एडीसी ने अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सरकारी स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम सुधारने के लिए शिक्षा विभाग ने कमजोर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों पर विशेष ध्यान देने की तैयारी की है। इसके लिए जिले के स्कूलों को उनके पिछले परीक्षा परिणामों के आधार पर तीन जोन में बांटा गया है। रेड जोन में शामिल स्कूलों के प्रदर्शन में सुधार के लिए अधिकारियों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं।
सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता एडीसी अंजलि क्षोत्रिया ने की। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला, उप जिला शिक्षा अधिकारी संदेश सोलंकी और जिला परियोजना समन्वयक मनोज मित्तल समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि बेहतर परिणाम वाले स्कूलों को ग्रीन, औसत परिणाम वाले स्कूलों को यलो और कमजोर परिणाम वाले स्कूलों को रेड जोन में रखा गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य प्रत्येक स्कूल के प्रदर्शन का आकलन करना और जहां कमी है, वहां सुधार के प्रयास करना है।
एडीसी ने अधिकारियों को तीनों जोन के स्कूलों की स्थिति पर गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने खासतौर पर रेड जोन के स्कूलों पर ध्यान देने को कहा। बैठक में विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने और स्कूलों की कमजोरियों को दूर करने के उपायों पर भी चर्चा की गई।