संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। युवाओं के बीच तेजी से बढ़ रहा ई-सिगरेट का चलन अब गंभीर स्वास्थ्य खतरे के रूप में सामने आ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि ई-सिगरेट का सेवन हृदय रोगों के खतरे को तेजी से बढ़ा रहा है, जिसके चलते कम उम्र में ही हार्ट अटैक और अन्य दिल से जुड़ी बीमारियों की आशंका बढ़ गई है। कोटपा के नोडल अधिकारी डॉ. मान सिंह ने बताया कि ई-सिगरेट का सेवन करने वालों में हार्ट अटैक का खतरा सामान्य लोगों की तुलना में करीब 19 प्रतिशत तक बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में स्वास्थ्य विभाग ने क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर एक बड़ी कार्रवाई की, जिसमें दिल्ली से ई-सिगरेट लाकर बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 282 ई-सिगरेट बरामद की गईं। गौरतलब है कि इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 के तहत ई-सिगरेट की बिक्री, खरीद, उपयोग और भंडारण पूरी तरह प्रतिबंधित है।
वर्जन
ई-सिगरेट स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। यह दिल और रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाती है और हार्ट अटैक व स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ाती है, इसलिए इससे दूर रहना जरूरी है।-डॉ. मान सिंह, नोडल अधिकारी-कोटपा