महिला ने दी पुलिस को शिकायत, हनुमान नगर कॉलोनी में 27 सितंबर की सुबह हुआ था झगड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। खेड़ीपुल थाना इलाके की हनुमान नगर कॉलोनी में झगड़े के दौरान लोहे के पाइप से महिला के सिर पर वार कर दिया गया। महिला को सिर में गंभीर चोट लगी है और 10 टांके आए हैं। मामले में डॉक्टरों की राय लेकर पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में टीम जांच कर रही है।
झगड़े का यह मामला 27 सितंबर की सुबह लगभग साढ़े 11 बजे का बताया गया है। महिला पुष्पा ने शिकायत दी है कि कॉलोनी के ही रहने वाले मयंक नामक युवक ने उनके घर के दरवाजे पर पत्थर मारे। महिला आवाज सुनकर बाहर गई और युवक को पत्थर मारने को लेकर टोका। महिला के अनुसार इस पर मयंक बदतमीजी से बात करने लगा और विरोध करने पर उसने पटाखे फोड़ने वाला लोहे का पाइप महिला के सिर पर मार दिया। सिर पर चोट लगने से महिला बेहोश हो गई। पड़ोस में रहने वाले लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। महिला ने 27 सितंबर को ही मामले में शिकायत पुलिस को दी। आरोप है कि महिला ने थाने के कई चक्कर लगाए लेकिन पुलिस कहती रही कि जांच चल रही है। महिला के अनुसार इस दौरान उन पर समझौता करने को लेकर भी दबाव बनाया गया। लेकिन जब वो दबाव में नहीं आई तो अब आखिरकार पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।