हादसे में डंपर चालक, उसका सहायक और पंप ऑपरेटर घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड रोड स्थित बीपीसीएल सीएनजी पंप पर गैस भरवाते समय डंपर का सिलिंडर फट गया। धमाका इतना भीषण था कि सीएनजी भरने वाली मशीन उखड़ गई और पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में डंपर चालक, उसका सहायक और पंप ऑपरेटर घायल हो गए। तीनों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग दो बजे डंपर सीएनजी भरवाने के लिए आया था। ऑपरेटर जैसे ही गैस भरने लगा, तभी डंपर में लगे चार सिलिंडर में से एक अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। धमाके के कारण फटे सिलिंडर का एक हिस्सा दूर जा गिरा, जबकि दूसरा हिस्सा सीधे सीएनजी मशीन से जा टकराया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि घटना में डंपर चालक के सिर, सहायक के कान और ऑपरेटर के पैर में चोट आई है। सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।