फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे के पास काम के चलते शहर के 15 इलाकों में 36 घंटे नहीं आएगा पानी

विज्ञापन
विज्ञापन
23 अप्रैल सुबह 9 बजे से 25 अप्रैल रात 9 बजे तक बंद रहेगी रेनीवेल लाइन-1,
विज्ञापन

सेक्टर 64-65 के पास नई पाइपलाइन जोड़ने का होगा काम

अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए चल रहे बड़े प्रोजेक्ट का असर अब आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने जा रहा है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के साथ बिछाई जा रही नई जलापूर्ति लाइन को मुख्य नेटवर्क से जोड़ने के लिए 36 घंटे का शटडाउन लेने का फैसला किया है। इसके चलते शहर के कई सेक्टरों और कॉलोनियों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी।

एफएमडीए के इंफ्रा-II डिवीजन की ओर से जारी सूचना के अनुसार रेनीवेल वाटर सप्लाई लाइन नंबर-1 को 23 अप्रैल की सुबह 9 बजे बंद कर दिया जाएगा जिसे 25 अप्रैल की रात 9 बजे के बाद ही चालू किया जा सकेगा। इस दौरान करीब 15 प्रमुख क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित रहेगी जिससे हजारों परिवारों और कई औद्योगिक इकाइयों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
विज्ञापन


अप्रैल के महीने में तापमान लगातार बढ़ रहा है और ऐसे समय में 36 घंटे तक पानी की सप्लाई बंद रहना लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। जिन इलाकों में जलापूर्ति पूरी तरह रेनीवेल लाइन-1 पर निर्भर है वहां घरेलू जरूरतों से लेकर छोटे उद्योगों तक कामकाज प्रभावित होने की आशंका है।

औद्योगिक क्षेत्रों में पानी की कमी उत्पादन पर असर डाल सकती है वहीं रिहायशी इलाकों में लोगों को पीने के पानी से लेकर दैनिक उपयोग तक के लिए पहले से तैयारी करनी होगी। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते वैकल्पिक इंतजाम नहीं किए गए तो कई जगह टैंकरों पर निर्भरता बढ़ सकती है।

इन इलाकों में नहीं आएगा पानी

एफएमडीए के अनुसार शटडाउन के दौरान जिन इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी, उनमें सेक्टर-22, 23, 25, 55 और 58 प्रमुख हैं। इसके अलावा गौंछी, सुभाष कॉलोनी, ऊंचागांव, प्रेम नगर, भीम बाग और जैन कॉलोनी जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र भी पूरी तरह प्रभावित रहेंगे। इसके साथ ही शहीद पार्क, जेसीबी चौक, पंचायत भवन और मिल्क प्लांट के आसपास के इलाकों में भी जलापूर्ति बंद रहेगी। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को करीब डेढ़ दिन तक बिना नियमित पानी सप्लाई के काम चलाना होगा।


बिछाई जा रही है पाइपलाइन

एफएमडीए के अधिकारियों के अनुसार यह शटडाउन किसी मरम्मत कार्य के लिए नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे परियोजना के तहत सेक्टर 64-65 की डिवाइडिंग रोड के पास 600 एमएम व्यास की डक्टाइल आयरन (डीआई) पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इस नई पाइपलाइन को मौजूदा मुख्य जलापूर्ति नेटवर्क से जोड़ने के लिए बड़े स्तर पर तकनीकी काम किया जाना है। अधिकारियों का कहना है कि यह जंक्शन शहर की भविष्य की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करेगा और आगे चलकर पानी की उपलब्धता बेहतर होगी।


पानी का कर लें इंतजाम

जलापूर्ति बाधित होने से पहले ही एफएमडीए ने लोगों को सावधानी बरतने और तैयारी करने की सलाह दी है। विभाग ने सभी प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से अपील की है कि वे 22 अप्रैल तक अपनी जरूरत के अनुसार पानी का भंडारण कर लें। इसके अलावा शटडाउन के दौरान पानी के उपयोग में संयम बरतने और अनावश्यक खर्च से बचने को कहा गया है। स्थानीय प्रशासन और फील्ड स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थिति पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर सहायता उपलब्ध कराएं। एसडीएम स्तर के अधिकारियों को भी जनप्रतिनिधियों और आरडब्ल्यूए के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी इलाके में अव्यवस्था की स्थिति न बने।
विज्ञापन


हेल्पलाइन जारी, लोग कर सकते हैं संपर्क

एफएमडीए ने इस दौरान नागरिकों की मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। जलापूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए जेई प्रवीण सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नागरिक मोबाइल नंबर 8053822029 पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि काम तय समय सीमा में पूरा करने की कोशिश की जाएगी, ताकि जलापूर्ति जल्द से जल्द बहाल की जा सके।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें