गांव फैजुपर खादर में 'मेरी माटी मेरा देश' कार्यक्रम में किया संबोधित
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि शहीदों की बदौलत हम आज आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। शहीद देश की आन, बान और शान हैं। उनकी कुर्बानी हमेशा के लिए स्मरणीय रहेगी। सरकार का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित देखना है।
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर शनिवार को गांव फैजुपर खादर में 'मेरी माटी मेरा देश' कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर वहां उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। गुर्जर ने गांव फज्जुपुर खादर के शहीद राम कुमार भाटी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उन्हें नमन किया। शहीदों के नाम पर दीपक जलाकर सरस्वती वंदना के साथ पौधारोपण कर अपनी माटी की रक्षा के लिए पंच प्रण की शपथ भी दिलवाई। इस अवसर पर शहीद रामकुमार भाटी के परिजनों को स्मृति चिन्ह, शाॅल ओढ़ा कर सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव की शृंखला में 15 अगस्त तक चलाए जाने वाले मेरी माटी-मेरा देश अभियान को लेकर अधिकारी मुस्तैदी से काम कर रहे हैं। इस दौरान शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत स्तर, वार्ड स्तर, प्रत्येक खंड में मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम चल रहा है। इन कार्यक्रमों में वीरों के वंदन के तहत देश के गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और नायकों के नाम की हर गांव व शहर में शिलापट गौरव पट्ट स्थापित किए जा रहे हैं और उनके परिजनों को सम्मानित किया जा रहा है । वसुधा वंदन के तहत हर गांव व शहर में दीघार्यु वाले 75 पौधे रोपित किए जा रहे हैं।
बलिदानी मिट्टी पहुंचेगी दिल्ली
कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद वीर-बलिदानियों की भूमि है। हर गांवों से बलिदानी मिट्टी खंड स्तर पर पहुंचेगी और खंड स्तर से जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में नमन किया जाएगा। सभी खंडों से चयनित युवा पवित्र मिट्टी को अमृत कलश यात्रा के रूप में दिल्ली लेकर जाएंगे। गौरव पट्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश अंकित किया जाएगा, साथ ही संबंधित गांवों के शहीदों का विवरण अंकित होगा। इस अवसर पर हरेन्द्र पाल राणा, मुकेश वशिष्ठ, सीईओ जिला परिषद आशिमा सांगवान, एसडीएम बल्लभगढ़ त्रिलोक चंद, डीडीपीओ राकेश मोर, बीडीपीओ अजीत सिंह, एआईपीआरओ संजय कुमार सहित गण्यमान्य नागरिक उपस्थित रहे।