संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में शनिवार को कोहरे के कारण दृश्यता कम रही। इस कारण दिल्ली-आगरा राजमार्ग, केजीपी-केएमपी एक्सप्रेसवे सहित अन्य मार्गों पर वाहन रेंगकर चलते नजर आए।
वाहन चालक दिन में ब्लिंकर और हेड लाइट जलाने को मजबूर हो गए। वहीं दूसरी तरफ कई लोकल ट्रेनें रद्द हो गईं। जबकि एक्सप्रेस ट्रेनें 12 घंटे तक की देरी से रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं।
नए साल की शुरूआत से ही सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। कड़ाके की ठंड के बीच कोहरे ने भी दस्तक दी है। शहर में कोहरे के कारण लोगों का जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। शनिवार सुबह से ही पूरे एनसीआर में घना कोहरा छाया रहा है। इस कारण फरीदाबाद में कई जगह दृश्यता जीरो तक पहुंच गई। ऐसे में दिन के समय भी वाहन चालकों को गाड़ियों की फॉग लाइट, ब्लिंकर लाइट और हेड लाइट आदि जलानी पड़ीं। सुबह के समय कोहरे के चलते नेशनल हाईवे सहित अन्य मार्गों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। ऐसे में कई जगह लंबा जाम भी देखने को मिला।