एनआईटी थाना इलाके में देर रात हुई वारदात, बृहस्पतिवार को एनआईटी थाना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एनआईटी थाना इलाके में तीन कार सवार बदमाशों ने पीछा कर एक कार सवार युवक को रुकवाकर दो गोलियां चलाईं। हवाबाजी करते हुए फायरिंग के बाद आरोपी अपनी गाड़ियों में बैठकर वहां से भाग गए। पीड़ित ने शक जताया है कि उसके दोस्त की आरोपियों से रंजिश है और दोस्त जतिन उसके साथ समझकर आरोपियों ने ये वारदात की।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि चार नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ एनआईटी थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोनों पक्षों में पहले भी झगड़े हुए हैं। ये वारदात बुधवार देर रात लगभग डेढ़ बजे की बताई गई है। मामले में एनआईटी-5 निवासी हिमांशु ने पुलिस को शिकायत दी है कि बुधवार रात को वो नीलम चौक से भगत सिंह चौकी की ओर अपनी गाड़ी से आ रहा था। देर रात लगभग डेढ़ बजे रास्ते में 3 कार में सवार होकर आए लोगों ने कार साइड में लगाकर 2 गोलियां चलाईं। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके से एक खोल बरामद हुआ। वारदात का आरोप पीयूष भाटिया, देवंशु मान, हृदय, मोहित चौधरी व अन्य पर लगाया गया है।
हिमांशु के अनुसार इसका दोस्त जतिन भाटिया की रंजिश एनआईटी 1 निवासी पुलकित भाटिया व पीयूष भाटिया से है। आरोपियों को शक था कि हिमांशु के साथ जतिन होगा तो आरोपियों ने हमला किया। पुलिस फिलहाल एफआईआर दर्ज कर जांच में जुटी है।