नशे में हंगामा कर रहे युवक को शांत करना पड़ा भारी, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना इलाके के खोरी गांव में सतीश नामक व्यक्ति के सिर में लकड़ी का फट्टा और ईंट मारकर हत्या कर दी गई। सतीश का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवक राहुल को शांत कराने का प्रयास किया। नशे में धुत आरोपी वारदात के बाद वहां से भाग गया। स्थानीय लोगों ने सतीश को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सूरजकुंड थाने में हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस टीम आरोपी राहुल की तलाश कर रही है।
हत्या की यह वारदात बृहस्पतिवार रात को हुई। सतीश मूलरूप से पलवल के मितरोल गांव का रहने वाला था और यहां खोरी गांव में अपनी पत्नी, दो बेटी व एक बेटे के साथ रहता था। सतीश सूरजकुंड के प्रहलादपुर गांव स्थित होटल में सहायक का काम करता था। बृहस्पतिवार रात को सतीश अपने घर से दुकान पर बीड़ी लेने गया था। गली में राहुल शराब के नशे में हंगामा कर रहा था। थोड़ा आगे जाने पर राहुल की मां गली में खड़ी दिखी और वो सतीश से राहुल के बारे में पूछने लगी। सतीश ने बताया कि वो मेरे घर के पास गली में शराब पीकर हंगामा कर रहा है। महिला के साथ सतीश भी राहुल को शांत करने वहां आ गया। इसी पर राहुल भड़क गया और पास पड़ा लकड़ी का फट्टा उठाकर सतीश को मारा। फिर ईंट उठाकर सतीश के सिर पर 3-4 वार किए। ये देखकर आस-पास मौजूद लोगों ने राहुल को रोका तो वो भाग गया। सतीश को घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अब आरोपी की तलाश शुरू की है।