फरीदाबाद। डबुआ क्षेत्र की 60 फीट रोड पर रविवार को शराब के नशे में कैंटर चालक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। घटना के दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।
गनीमत रही कि कोई व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय निवासी राजेश और अमित ने बताया कि कैंटर चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। वह तेज गति से कैंटर को सड़क पर दौड़ा रहा था और रास्ते में आने वाले वाहनों को टक्कर मारता चला गया। कैंटर को बेकाबू हालत में देख कुछ युवकों ने बाइक से उसका पीछा शुरू कर दिया। युवकों ने चाचा चौक के पास कैंटर को घेरकर रोक लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर कैंटर को कब्जे में ले लिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद