नेशनल हाईवे 19 व सर्विस रोड पर जहां तहां वाहन खड़े होने से लग रहा जाम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नेशनल हाईवे 19 (दिल्ली-मथुरा रोड) व सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग रफ्तार रोक रही है। उपायुक्त विक्रम सिंह के सख्त निर्देशों के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं दिख रहा है। हाईवे से जुड़े शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहन चालकों की मनमानी की वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नेशनल हाईवे के अजरौंदा चौक, बाटा चौक, ओल्ड फरीदाबाद में सर्विस रेड के साथ बड़खल चौक जैसे व्यस्त इलाकों में अवैध पार्किंग की समस्या बढ़ती जा रही है। शनिवार को जब इन चौराहों का जायजा लिया गया तो स्थिति चिंताजनक पाई गई। जगह-जगह वाहन सड़क किनारे खड़े मिले। कई ऑटो चालक बीच सड़क पर ही सवारी बैठाते दिखाई दिए। इससे ट्रैफिक की रफ्तार बाधित हो रही थी। दोपहर करीब 12 बजे अजरौंदा चौक के पास मेट्रो स्टेशन पर ऑटो चालकों की भीड़ देखने को मिली। लोगों का कहना है कि ऑटो चालक सवारियां बिठाने के लिए बीच सड़क पर वाहन रोक देते हैं, जिससे जाम लग जाता है।
सड़क किनारे पार्किंग
मथुरा रोड के किनारे भी कई वाहन खड़े मिले। लोग सड़क पर वाहन खड़ा करने के साथ सड़क किनारे बनी ग्रीन बेल्ट पर भी वाहन पार्क कर देते हैं। दिल्ली-मथुरा हाइवे के सर्विस रोड पर मेट्रो स्टेशन के नीचे ऑटो चालकों के बीच में खड़े रहने से ट्रैफिक प्रभावित हो रहा है। डीसी के आदेश के बाद रेहड़ी-पटरी वालों ने भी अपने ठिकाने नहीं छोड़े हैं। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि राष्ट्रीय राजमार्ग और उससे सटे मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध पार्किंग न दिखाई दे।
उपयुक्त ने दिया था आदेश
विक्रम सिंह ने बुधवार को पुलिस, एफएमडीए और एनएचएआई को निर्देश दिए थे कि शहर में न केवल अवैध पार्किंग को रोका जाए बल्कि जलनिकासी की उचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। जमीनी स्तर पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा है। जहां-जहां निरीक्षण हुआ, वहां वाहनों की मनमानी पार्किंग देखने को मिल रही है।
दिखावे के लिए कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस केवल दिखावे के लिए कुछ घंटों की कार्रवाई करती है, फिर सबकुछ पहले जैसा हो जाता है। लोगों का कहना है कि जब तक स्थायी पार्किंग नहीं बनाई जाएगी और नियमों का सख्ती से पालन नहीं होगा, तब तक समस्या जस की तस बनी रहेगी। फरीदाबाद की बढ़ती आबादी और सीमित सड़कों के बीच अवैध पार्किंग एक गंभीर चुनौती बन चुकी है। अगर प्रशासन ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में यह शहर की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर सकती है।
वर्जन
हाईवे किनारे खड़े वाहनों के चालान किए जा रहे हैं वहीं ऑटो चालकों के भी चालान किए जा रहे हैं। इस संबंध में ऑटो चालकों की यूनियन के प्रधान से भी बात की गई है। - अनुज कुमार, यातायात प्रभारी फरीदाबाद