ट्रैफिक नियमों का पालन न करने पर बस का ई चालान जाएगा रोडवेज महाप्रबंधक के पास
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। रोडवेज बस अगर ट्रैफिक नियमों की पालना नहीं करती है तो उस बस का ई चालान सीधा रोडवेज महाप्रबंधक के फोन पर जाएगा। जिसका भुगतान बस चालक को ही करना होगा। इसको लेकर महाप्रबंधक की ओर से आदेश जारी कर दिया है।
जिले में स्मार्ट सिटी के तहत जगह-जगह 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए हुए है। इसमें सड़क पर चलने वाले वाहनों पर पैनी नजर रखी जाती है। महाप्रबंधक की ओर से नोटिस जारी किया है कि रोडवेज बस चालक वाहन को अपनी लाइन में चलाएं, लाल बत्ती को पार न करें, निर्धारित स्पीड में अपने वाहन को चलाएं, गलत ओवरटेक न करें और नो एंट्री में वाहन को न लेकर जाएं। अगर इन सभी ट्रैफिक नियमों की पालना नहीं होने पर ई चालान कटता है तो वह सीधा पुलिस और आरटीओ विभाग की ओर से उनके फोन पर एसएमएस के जरिए चालान भेज दिया जाएगा। जिसके बाद उस चालान का भुगतान उसी बस का चालक करेगा। इसको लेकर महाप्रबंधक की ओर से चालकों को आदेश जारी कर दिया गया है।
प्रत्येक माह होते हैं 3 से 4 चालान
रोडवेज में 180 बसें विभिन्न रूट पर चलती हैं। इनमें एसी और सामान्य बसें शामिल हैं। रोडवेज के आंकड़ों के अनुसार प्रत्येक माह बसों के तीन से 4 चालान होते हैं।
नियमों का उल्लंघन हादसों को देता है दावत
9 जून 2023 को फरीदाबाद जिले में दिल्ली-आगरा हाईवे पर सुबह यात्रियों से भरी यूपी रोडवेज की बस पलट गई। इस हादसे में 20 यात्री घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी बस से रवाना किया गया।
3 मई 2023 को हिमाचल प्रदेश के ऊना में एक पेड़ से बल्लभगढ़ बस डिपो की रोडवेज बस जा टकराई। जिस कारण बस एक मकान में जा घुसी। इस हादसे में बस के कंडक्टर विरेंद्र की मौत हो गई, जबकि 5 यात्री भी बुरी तरह घायल हो गए।