जीपीएस की मदद से बड़खल पुल के पास से बरामद हुई गाड़ी, चार दिन पहले व्यापारी ने रखा था काम पर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित एक मॉल के सामने से कपड़ा व्यापारी का चालक वाहन के साथ उसमें रखे 18 लाख रुपये और लैपटॉप लेकर भाग गया। 21 अप्रैल को हुई इस वारदात के बाद थाना सेंट्रल पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर 22 अप्रैल को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दिल्ली के तिमारपुर निवासी हर्ष नेवर की सेक्टर-24 में कपड़ा बनाने की फैक्टरी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपनी गाड़ी से सेक्टर-12 मॉल में फल लेने गए थे। वाहन राहुल चला रहा था, जिसे चार दिन पहले काम पर उन्होंने रखा था। वह जब मॉल के अंदर गए, तब गाड़ी में लेबर को एडवांस देने और निर्माण कार्य के लिए रखे 18 लाख रुपये व लैपटॉप रखे हुए थे। मॉल से बाहर आने पर उन्होंने देखा कि चालक वाहन लेकर भाग गया है। पीड़ित ने तुरंत 112 नंबर पर सूचना दी और कार कंपनी से संपर्क कर गाड़ी की लोकेशन ट्रैक करवाई। पुलिस की मदद से गाड़ी बड़खल पुल के नीचे लावारिस और लॉक हालत में खड़ी मिली। जब दूसरी चाबी से गाड़ी खोलकर चेक किया गया तब उसमें से 18 लाख रुपये की नकदी गायब थी, जबकि अन्य सामान सुरक्षित था। आरोपी चालक राहुल अपना फोन बंद कर गायब हो चुका था। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।