अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-23 संजय कॉलोनी में पेयजल समस्या से जूझ रहे लोगों ने नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आननफानन में मौके पर पहुंचे एसडीओ ने लोगों को जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। लोगों का आरोप है कि एफ ब्लॉक में मीठे पानी की सप्लाई नहीं है। इससे करीब 500 घरों में पेयजल आपूर्ति ठप है। नगर निगम अधिकारियों को शिकायत करते हैं लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे वह काफी परेशान है।
कॉलोनी वासियों ने बताया कि एफ ब्लॉक में करीब पांच हजार परिवार रहते हैं। नगर निगम की ओर से मीठा पानी सप्लाई की सालों से कोई व्यवस्था नहीं है। एक ट्यूबवेल लगा है, जिससे खारा पानी घरों में सप्लाई होता है। वह भी अब ठीक से नहीं हो रहा है। इस कारण उन्हें प्राइवेट टैंकरों से पानी खरीदकर काम चलाना पड़ता है। कॉलोनी निवासी मोहन ठाकुर ने कहा कि गली में टैंकर माफिया भी खूब सक्रिय हो गए हैं। एक टैंकर के अलावा यदि कोई दूसरा टैंकर आ जाता है तो लड़ाई-झगड़ा शुरू हो जाता है। इस कारण प्राइवेट टैंकर भी नियमित रूप से नहीं आते। ऐसे में उन्हें दूरदराज से पानी भरकर लाना पड़ता है। लोगों ने नगर निगम अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि जल्द पेयजल समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोगों को मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा। इस अवसर पर जय मामला देवी, पूजा देवी, किशोर, दयावति आदि महिलाएं मौजूद रहीं।