मरीज और तीमारदार बाहर से पानी खरीदने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके नागरिक अस्पताल में पिछले तीन दिनों से पीने के पानी की आपूर्ति ठप है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में लगे वाटर कूलर में पानी न आने के कारण मरीजों को बाहर से पानी खरीदना पड़ रहा है।
मरीजों का कहना है कि अस्पताल में पहले से ही भीड़ रहती है और अब पानी की किल्लत ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड दोनों में पीने का पानी उपलब्ध न होने से बुजुर्ग मरीजों को दिक्कत हो रही है। ओपीडी में अपने बच्चे को दिखाने आई राधा सैनी ने बताया कि वह घर से पानी लाना भूल गई थी, जिसकी वजह से बाहर से पानी खरीदना पड़ा।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल का कहना है कि यह अस्थायी समस्या है। मरम्मत कार्य चल रहा है जिसकी वजह से पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है।