दो महीने से पेयजल की आपूर्ति ठप, टैंकरों पर निर्भर हो रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-11 बी के निवासी पिछले दो महीनों से पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। इलाके में मीठे पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप है, जिससे लोगों को खारे पानी या फिर निजी टैंकरों पर निर्भर होना पड़ रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार विभागों की लापरवाही के कारण उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं महिलाओं ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि पानी की कमी के कारण घरेलू कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। गर्मी के इस मौसम में पानी की ऐसी किल्लत जनता के लिए किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं है। पिछले दो महीने से हमें मीठा पानी नहीं मिल रहा है। टैंकर मंगवाने में काफी खर्च आ रहा है और खारे पानी न तो पीने योग्य है और न ही किसी और कार्य को करने के योग्य है।
प्रशासन केवल आश्वासन दे रहा है, लेकिन खारे पानी की समस्या का समाधान नहीं कर रहा है। -
अमित गर्ग, निवासी
सेक्टर में 250 से 300 मकान हैं । सभी लोगों को खारा पानी ही पीना पड़ रहा है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए। -
संजय गुप्ता, निवासी
हमारी मांग है कि जल्द से जल्द मीठे पानी की आपूर्ति बहाल की जाए ताकि हमें इस संकट से राहत मिल सके। -
सुमित सचदेवा, निवासी