- मजबूरी में टैंकरों से पानी मंगवा रहे हैं निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-11 की पॉकेट-सी में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। इलाके के निवासी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। हालात यह हैं कि एक लाइन में कई दिनों से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है, जिससे लोगों को मजबूरी में टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है।
समस्या के कारण लोगों का दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। आरडब्ल्यूए प्रधान सतवीर, निवासी विनय गोयल और ऑजिंदर ने बताया कि कई-कई दिनों बाद पानी की सप्लाई होती है। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से लोगों को खारा पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल की गुणवत्ता भी खराब है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ रही हैं।
वहीं इंदू, विजय कुमार और देवेंद्र ने बताया कि पानी की कमी का सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ रहा है। घरों में खाना बनाने, सफाई और अन्य घरेलू कार्य करने में भारी परेशानी हो रही है। सुबह से ही लोग पानी की व्यवस्था में जुट जाते हैं।
निवासियों का कहना है कि समस्या को लेकर संबंधित विभाग से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और खराब पड़ी लाइन की मरम्मत कराने की मांग की है। जिससे लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े।