अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद।
शहर में मानसून से पहले नालों की सफाई का अभियान दो विभागों के बीच तालमेल के अभाव के कारण फंस गया है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) के दो बार पत्र लिखे जाने के बावजूद नगर निगम अब तक नालों पर हुए अतिक्रमण नहीं हटा सका है। इसके चलते एसी नगर और बुढ़िया नाले समेत कई प्रमुख नालों की सफाई अटकी पड़ी है। जिससे बरसात के दौरान जलभराव का खतरा बढ़ गया है।
गौरतलब है कि रविवार को एसी नगर के बीच से गुजर रहे नाले की सफाई के दौरान ट्रैक्टर और अर्थमूवर नाले में गिर गए थे। हालांकि दोनों चालक सुरक्षित बच गए, लेकिन वाहनों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। घटना के बाद एफएमडीए ने स्पष्ट कर दिया है कि अतिक्रमण हटने तक इस हिस्से में सफाई कार्य नहीं कराया जाएगा। इस संबंध में नगर निगम को दो बार पत्र भेजा जा चुका है। कई स्थानों पर नाले तक पहुंचने का रास्ता भी नहीं बचा है। ऐसे में भारी मशीनों से सफाई करना जोखिम भरा हो गया है।
एफएमडीए करीब 12 साल बाद इन नालों की व्यापक सफाई करा रहा है लेकिन अतिक्रमण के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है। बुढ़िया नाले और लकड़पुर क्षेत्र में भी अतिक्रमण का यही हाल हैं। यहां नालों के ऊपर रैंप और स्लैब बनाकर रास्ते तैयार कर दिए गए हैं, जिससे सफाई मशीनें अंदर नहीं जा पा रहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से न तो नियमित सफाई हुई और न ही अवैध कब्जों पर कार्रवाई की गई। एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता ओमदत्त ने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद नालों की सफाई कराई जाएगी।