फरीदाबाद। घरों में बेकार पड़े पुराने कपड़े, खिलौने, किताबें और अन्य उपयोगी सामान अब कचरे में नहीं जाएंगे, बल्कि जरूरतमंद लोगों के काम आएंगे। पर्यावरण संरक्षण और कचरा कम करने की दिशा में नगर निगम ने शहर की गेटेड सोसाइटियों में डोनेशन कलेक्शन बॉक्स लगाने की पहल शुरू की है। हुमाना पीपल टू पीपल इंडिया एनजीओ के सहयोग से शुरू होने वाली इस योजना का उद्देश्य 3आर सिद्धांत- रिड्यूस (कम करना), रीयूज (पुनः उपयोग) और रीसायकल (पुनर्चक्रण) को व्यवहार में उतारना है।
योजना के तहत इच्छुक गेटेड सोसाइटियों में विशेष कलेक्शन बॉक्स लगाए जाएंगे। इनमें निवासी अपने पुराने लेकिन उपयोग योग्य कपड़े, जूते, खिलौने, बैग, टोपी, बेल्ट, कंबल, चादरें, रजाइयां, तकिये, किताबें, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं दान कर सकेंगे। इन वस्तुओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इस पहल की जानकारी नगर निगम की आईईसी एक्सपर्ट एवं जिला समन्वयक कल्पना मंडल ने दी।