संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-21ए में किराये पर रहने वाली महिला की करंट लगने से मौत हो गई। महिला घरों में काम करने के बाद वापस अपने घर जा रही थी। तभी सड़क से निकलते समय बिजली की टूटी तार महिला के संपर्क में आ गई और उसको करंट लग गया। लोगों ने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग को तार कमजोर होने की सूचना लिखित में दी जा चुकी है।
उत्तराखंड के काशीपुर की रहने वाली दीपा अपने पति सुरेश के साथ सेक्टर 21 ए में किराये पर रहती थी। दीपा घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थी। शनिवार को घरों में काम खत्म करने के बाद वह वापस अपने घर जा रही थी। जैसे ही वह एंजल पब्लिक स्कूल के पास पहुंची तो गली में बिजली का खंभा लगा हुआ था जिसकी तार लटकी हुई थी। दीपा का हाथ उस तार में लग गया और उसको तेज झटका लगा। जिससे वह सड़क पर गिर गई। स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार दीपा को करंट लगने के बाद सिर पर गहरी चोट लगी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।