फरीदाबाद। हरियाणा सरकार के शिक्षा विभाग ने अपने मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (एमआईएस) पोर्टल को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। विभाग द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, अब शिक्षा विभाग के एमआईएस पोर्टल को केवल नए निर्धारित डोमेन के माध्यम से ही एक्सेस किया जा सकेगा। सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में सभी प्रकार के कार्यों के लिए केवल https://hryedumis.gov.in/ डोमेन का ही उपयोग किया जाएगा। शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक आईटी (शिक्षा) की ओर से यह आदेश जारी किया गया है। विभाग ने सभी संबंधित हितधारकों, शिक्षकों और उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे पोर्टल पर लॉग इन करने के लिए इसी नए यूआरएल का उपयोग करें। अधिकारियों ने इस बदलाव को सभी संबंधित लोगों के संज्ञान में लाने के निर्देश दिए हैं ताकि पोर्टल के इस्तेमाल में किसी भी तरह की तकनीकी परेशानी या असुविधा से बचा जा सके। संवाद