राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना, जांच में एक-दो महीने पुराना बताया जा रहा शव
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। छांयसा थाना क्षेत्र में मोठूका नगला रोड के पास शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब श्मशान घाट की जमीन में दफन किए गए नवजात के शव को कुत्ते बाहर निकालकर सड़क पर ले आए। सड़क पर शव पड़ा देखकर राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही छांयसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। छांयसा थाना प्रभारी गोपाल दास ने बताया कि पुलिस को रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि श्री अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज के पास दीवार से करीब 10 मीटर की दूरी पर नवजात का शव पड़ा हुआ है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो जांच के दौरान पता चला कि नवजात का शव मोठूका नगला रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर बने श्मशान घाट की बाउंड्री के अंदर दफनाया गया था।
पुलिस के अनुसार, शव करीब एक से दो महीने पुराना प्रतीत हो रहा है। काफी समय बीतने के कारण शव का अधिकांश हिस्सा कंकाल में बदल चुका था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुत्तों ने श्मशान घाट की जमीन में दफन शव को गड्ढा खोदकर बाहर निकाला और उसे खींचकर सड़क तक ले आए। पुलिस का कहना है कि कई बार जन्म के समय या बीमारी के कारण नवजात की मौत हो जाती है। ऐसी स्थिति में परिजन शव को श्मशान घाट में दफना देते हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को दोबारा श्मशान घाट में दफनाया जाएगा।