नागरिक अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी ड्रेस में आएंगे नजर
स्वास्थ्य विभाग के जींस, प्लाजो, बैकलेस टॉप और स्कर्ट जैसे फैशनेबल कपड़े पर रोक लगाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नागरिक अस्पताल बीके में डॉक्टर और कर्मचारी अगले सप्ताह से तय ड्रेस में नजर आएंगे। स्वास्थ्य विभाग के नए ड्रेस कोड में जींस, प्लाजो, बैकलेस टॉप, स्कर्ट जैसे फैशनेबल कपड़े बैन कर दिया हैं। वहीं, जिले के सभी अस्पतालों के भी अब डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ एक जैसी ड्रेस में नजर आएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के आदेश के बाद नियम को सख्ती से लागू करने के आदेश दिए गए हैं। डिप्टी सीएमओ गजराज सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को पत्र के माध्यम से ड्रेस कोड लागू करने के आदेश मिले है। स्वास्थ्य विभाग से मिले आदेशानुसार हेयरस्टाइल तय किया गया है। पुरुष कर्मचारियों के बाल कॉलर से लंबे नहीं होंगे। महिलाएं स्टाइलिश ड्रेस, भारी गहने और मेकअप इस्तेमाल नहीं करेंगी। नाखून भी लंबे नहीं होंगे। ड्रेस कोड न मानने वाले स्टाफ को ड्यूटी से गैरहाजिर मानकर कार्रवाई की जाएगी।
नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में मरीज पहुंचते है। ड्रेस कोड न होने के कारण मरीज के परिजनों तथा नर्सिंग स्टाफ को पहचानने में काफी परेशानी होती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में ड्रेस कोड निर्धारित करने के आदेश दिए हैं। काले और सफेद रंग की पैंट और शर्ट निर्धारित की गई है। सभी के लिए नियमों की पालन अनिवार्य है।
-
लम्बे समय से अस्पतालों में ड्रेस निर्धारित करने की योजना बनाई जा रही थी। विभाग की ओर से मिले आदेशानुसार अस्पताल में निर्देश दे दिए गए हैं कि सभी तय ड्रेस में आए। - विनय गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी