- इलाज न मिलने से मरीज भटक रहे इधर-उधर
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में अपनी मांगो को लेकर शुरू की गई डाक्टरों की प्रदेशव्यापी हड़ताल बृहस्पतिवार को तीसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल को लेकर अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को इधर-उधर भटकना पड़ा। तीन दिनों से लगातार चल रही डाक्टरों की हड़ताल को लेकर अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों की संख्या भी बहुत कम होती जा रही है।
ओपीडी में घटी मरीजों की संख्या : अस्पताल में पिछले सप्ताह जहां ढाई सौ से तीन -सौ रोगी अपने उपचार के लिए पहुंच रहे थे, वहीं अब मरीजों की संख्या सिमटकर मात्र 120 से 150 ही रह गई है। हालांकि अस्पताल प्रशासन द्वारा उपचार के लिए कम्यूनिटी हेल्थ सेंटरों पर कार्यरत डाक्टरों की सहायता ली जा रही है, जो अस्पताल में पहुंचने वाले रोगियों की जांच कर उपचार कर रहे हैं। लेकिन अधिकांश मरीज डाक्टरों के अभाव के कारण निजी अस्पतालों का रुख कर रहे हैं।
पिछले तीन दिनों से डाक्टरों की हड़ताल पर होने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं। सरकार द्वारा डाक्टर एसएमओ की सीधी भर्ती, सरकार के बी एश्योर्ड करियर प्रमोशन एसीपी, तीसरे पे ग्रेड आदि की डिमांड को लेकर हड़ताल पर हैं। एक ओर सरकार नो वर्क नो पे पर अडी है तो वहीं डाक्टर अपनी मांगों को लेकर अडे़ हुए हैं। जिसको लेकर मरीजों को आए दिन नई परेशानियों का सामना करना पड रहा है।
जानकारी के अनुसार होडल के उप मंडल नागरिक अस्पताल में दो महिला डाॅक्टरों सहित कुल 10 डाॅक्टर हैं, जोकि सभी डाक्टर पिछले तीन दिनों से हड़ताल पर हैं। बताया जा रहा है कि पहले कम्यूनिटी हेल्थ सेंटरों पर जो डाक्टर तैनात थे, अब उन सेंटरों पर भी कामकाज प्रभावित हो रहा है, क्योंकि डाॅक्टरों के हड़ताल पर होने के कारण विभाग द्वारा उन्हें शहरी और बडे़ अस्पतालों में सेवाएं देने के लिए भेजा गया है।
-
रोशन लाल