200 स्कूलों में चलेगा जागरूकता अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए भारत स्काउट एवं गाइड की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल नंबर-1 में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें डिप्टी डीईओ डॉ. मनोज मित्तल मुख्य अतिथि रहे।
डॉ. मनोज मित्तल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है। तेज रफ्तार, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करने और न करने देने की अपील की। साथ ही नशे में ड्राइविंग से बचने की अपील की गई। गाइड डीओसी सरोज बाला ने विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल के साथ ट्रैफिक सिग्नल, लेन अनुशासन और निर्धारित गति सीमा का पालन करने के बारे में बताया। पैदल यात्रियों को सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि सितंबर से जनवरी तक जिले के 200 स्कूलों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों और अभिभावकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस मौके पर प्रधानाचार्य राजेंद्र अग्रवाल, स्काउट मास्टर रितेश कुशवाहा, गाइड कैप्टन शिवानी सहित स्काउट एवं गाइड के सदस्य मौजूद रहे।