संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आज से सावन माह की शुरुआत हो रही है। भगवान शिव की आराधना के इस पवित्र महीने में बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु सोमवार सहित अन्य दिनों में व्रत रखते हैं। लगातार पड़ रही गर्मी और उमस को देखते हुए डॉक्टरों ने व्रत रखने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. विनय गुप्ता का कहना है कि व्रत के दौरान शरीर में पानी की कमी न होने दें। पर्याप्त मात्रा में पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें। फल, दही, मखाना, सूखे मेवे और हल्के फलाहार को भोजन में शामिल करें, ताकि शरीर को आवश्यक ऊर्जा मिलती रहे। इसके अलावा तेज धूप में लंबे समय तक रहने और अधिक शारीरिक मेहनत से बचना चाहिए। बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और मधुमेह या उच्च रक्तचाप के मरीज व्रत रखने से पहले चिकित्सकीय सलाह अवश्य लें। यदि चक्कर आना, कमजोरी या अत्यधिक प्यास महसूस हो तो तुरंत आराम करें और शरीर में तरल पदार्थ की पूर्ति करें।