आखिरी दिन प्रकृति और कियान ने स्वर्ण पदक जीता
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। कुरुक्षेत्र में आयोजित तीसरी हरियाणा सब जूनियर और फ्रेशर्स ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 पदक अपने नाम किए हैं। रविवार को प्रतियोगिता के तीसरे और आखिरी दिन खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इसमें जिले के खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्ग में हिस्सा लिया और पोडियम पर जगह बनाई। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रकृति शर्मा ने अपनी श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। वहीं, बच्चों की श्रेणी में कियान ने भी गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।
चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वालों में देवांशी खटाना और विवान नेगी शामिल रहे, जिन्होंने फाइनल मुकाबले तक कड़ी टक्कर दी। इसके साथ ही बच्चों के वर्ग में रुद्रांक्ष ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। पदक तालिका को आगे बढ़ाते हुए सिद्धि नेगी और आराध्या भारद्वाज ने कांस्य पदक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया। कोच यशोदा शर्मा ने कहा कि इन बच्चों की मेहनत रंग लाई है।