संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के सेक्टर-2 स्थित सुषमा स्वराज राजकीय कन्या महाविद्यालय में इस वर्ष संविधान दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने बताया कि देश के नागरिकों को संविधान के महत्व और उसके मूल सिद्धांतों से अवगत कराने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों में भी जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
एडीसी सतबीर मान ने कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिक समारोह नहीं, बल्कि नागरिकों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों व संवैधानिक मूल्यों की जानकारी देने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान शिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता, दीवार कला (वॉल आर्ट), जागरूकता सत्र और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में सामाजिक न्याय मंत्रालय द्वारा लिए गए निर्णय के बाद से हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है। बता दें कि इसी दिन भारत ने संविधान को औपचारिक रूप से स्वीकार किया था। एडीसी ने अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम बेहतर समन्वय के साथ आयोजित किए जाएं ताकि युवा पीढ़ी को संविधान की भावना, अधिकारों और मूल्यों की गहरी समझ मिल सके।