कन्नू ने चिपका दी थी बालों में च्युंगम
मृतक के पिता यामिन ने बताया कि करीब चार दिन पहले कन्नू और आरोपी किशोर के बीच खेल-खेल में विवाद हुआ था। इस दौरान कन्नू ने आरोपी के बालों में च्युंगम लगा दी थी। इसके बाद से ही आरोपी किशोर कन्नू से रंजिश रखने लगा था। परिजनों का मानना है कि रविवार शाम को धक्का-मुक्की तो सिर्फ एक जरिया बनी, असल में आरोपी च्युंगम वाले विवाद का बदला लेने के इरादे से ही आया था।
पिता करते हैं कबाड़ की फेरी, दिवाली के बाद थी बड़े बेटे की शादी
मूल रूप से अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले यामिन का परिवार करीब पांच साल पहले सेक्टर-56 आशियाना फ्लैट्स के ब्लॉक नंबर-14 में रहने आया था। यामिन कबाड़ की फेरी लगाकर परिवार का गुजर-बसर करते हैं। ताज्जुब की बात यह है कि आरोपी किशोर के पिता भी कबाड़ का ही काम करते हैं और दोनों परिवार एक ही इलाके में रहते हैं। कन्नू तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके बड़े भाई आमिर की दिवाली के बाद शादी तय हुई है, जिसके घर में ढोल-नगाड़े बजने थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है। कन्नू की एक छोटी बहन चाहत (1 वर्ष) भी है। कन्नू के चाचा इकबाल ने बताया कि घटना की सूचना पड़ोसियों ने फोन पर दी, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चे को अस्पताल ले गए।
पुलिस और परिजनों के दावों में टकराव
वारदात के बाद पुलिस और मृतक के परिजनों के बयानों में भारी विरोधाभास देखने को मिल रहा है। परिजनों का साफ कहना है कि आरोपी जेब में पहले से ही चाकू लेकर घूम रहा था और उसने जानबूझकर सीने में वार किया, जबकि पुलिस का कहना है कि मौके पर ही कोई नुकीली चीज पड़ी हुई थी, जिसे गुस्से में उठाकर घोंपा गया। इसके अलावा परिजनों ने आरोप लगाया है कि मुख्य हमला आरोपी के 15 वर्षीय बड़े भाई ने किया था, जिसका नाम प्राथमिकी में दर्ज नहीं किया गया है, और जिस 13 वर्षीय बच्चे को पुलिस ने पकड़ा है, उसने सिर्फ धक्का दिया था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पूरी घटना आरोपी के माता-पिता के सामने हुई और उन्होंने ही बच्चे को उकसाया था।
पुलिस ने सभी दावों को किया खारिज
हालांकि, पुलिस प्रशासन ने परिजनों के इन सभी दावों और आरोपों को सिरे से नकार दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि वारदात में आरोपी के बड़े भाई या माता-पिता की कोई भूमिका नहीं थी और हमला घटनास्थल पर मौजूद नुकीली वस्तु से ही किया गया था। पुलिस के अनुसार, नामजद 13 वर्षीय अपचारी बालक को ही अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार गृह भेजा जा चुका है।