पौने दो करोड़ से बदलेगी इलाके की तस्वीर, निगम ने बजट किया स्वीकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। संत नगर की गलियों में रहने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। सीवरेज और पेयजल की समस्या से जूझ रहे इस इलाके की तस्वीर अब बदलने वाली है। नगर निगम ने संत नगर क्षेत्र में सीवर और पानी की व्यवस्था सुधारने के लिए करीब पौने दो करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद गलियों में बहता गंदा पानी और जलभराव की परेशानी काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सीवर लाइन छोटी और जर्जर होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता था। बारिश के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते थे। घरों के सामने पानी भरा रहता था, जिससे आने-जाने में दिक्कत होती थी और बीमारियों का खतरा बना रहता था। पेयजल पाइपलाइन भी पुरानी होने के कारण जगह-जगह लीकेज की शिकायतें सामने आती थीं। कई बार साफ पानी और गंदा पानी आपस में मिल जाता था।
निगम अधिकारियों के अनुसार स्वीकृत परियोजना के तहत संत नगर की अलग-अलग गलियों में 300 एमएम और 250 एमएम की नई सीवर लाइन डाली जाएगी। इससे गंदे पानी की निकासी बेहतर तरीके से हो सकेगी। साथ ही 100 एमएम और 150 एमएम की आधुनिक डीआई वाटर पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी, जिससे लोगों को साफ और पर्याप्त पेयजल मिल सकेगा। पुरानी और खराब पाइप लाइनों को पूरी तरह हटाकर नई व्यवस्था की जाएगी।
इसके अलावा जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए आरसीसी ड्रेन का निर्माण भी किया जाएगा। इससे बारिश के पानी की निकासी आसान होगी और गलियों में पानी जमा नहीं होगा। निगम का कहना है कि काम को चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो। निगम अधिकारियों का कहना है कि काम समय पर पूरा कराने पर जोर दिया जाएगा ताकि संत नगर के लोगों को जल्द राहत मिल सके।