महाविद्यालय में 50 फीसदी से अधिक प्रोफेसर का पद है रिक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राजकीय महाविद्यालयों में जल्द ही सहायक प्रोफेसरों की कमी जल्द दूर होगी। उच्च शिक्षा निदेशालय ने जिले के सभी महाविद्यालय प्रबंधन से प्रोफेसर के रिक्त पदों की सूचना एक सप्ताह के अंदर मांगी है। उच्च शिक्षा निदेशालय के अनुसार जिले के महाविद्यालयों में करीब 50 फीसदी प्रोफेसरों की कमी है।
प्रदेश में करीब 8137 प्रोफेसर के पद स्वीकृत है। इसमें से मात्र 3016 सहायक प्रोफेसर तैनात हैं। जिले के आठ राजकीय महाविद्यालयों में भी सहायक प्रोफेसर के पद रिक्त हैं। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से शुक्रवार को महाविद्यालय प्रबंधन से रिक्त पदों की सूची मांगी गई है। इसे एक सप्ताह में भेजना है। इसके आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। जिससे की पाठ्यक्रम को निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-16 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में 50 प्रोफेसर के पद स्वीकृत हैं। इनमें से मात्र 17 प्रोफेसर तैनात हैं। इसी प्रकार जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय में करीब 50 प्रोफेसर के पद रिक्त हैं। इसी प्रकार खेड़ी गुजरान महाविद्यालय में भी करीब 30 फीसदी सीटें रिक्त हैं। जिले के लगभग सभी महाविद्यालयों में कमोबेश सहायक प्रोफेसर के पद रिक्त हैं।
अतिथि शिक्षकों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से अतिथि शिक्षकों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस संबंध में महाविद्यालय प्रबंधन को जल्द दिशानिर्देश जारी कर दिए जाएंगे। वहीं, नई शिक्षा नीति के तहत पाठ्यक्रम में बदलाव होने से प्रोफेसरों पर कार्य की अधिकता हो गई है।
वर्जन
उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से रिक्त पदों की सूची मांगी गई है। इसे लेकर दिशानिर्देश जारी कर दिया गया है। सूची को एक सप्ताह में मुख्यालय भेज दिया जाएगा। -डॉ. सुनिधि, जिला उच्च शिक्षा अधिकारी