गड्ढों में फंस रहे वाहन, घंटों लग रहा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पल्ला रोड की जर्जर हालत से वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। बरसात के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। इसके कारण दोपहिया वाहन चालक और राहगीर हादसों का शिकार हो रहे हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार पल्ला से बसंतपुर जाने के लिए यह प्रमुख मार्ग है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसी सड़क से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। सड़क खराब होने के बावजूद लोगों के पास आवागमन के लिए सीमित विकल्प हैं, जिसके चलते उन्हें मजबूरी में इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। सुबह और शाम के समय वाहनों की संख्या बढ़ने पर सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है।
निवासी राजकुमार और अनुराग का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग से कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है और सड़क के कई हिस्सों में पानी जमा हो जाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत होने से हादसों पर रोक लगेगी और रोजाना लगने वाले जाम से भी लोगों को राहत मिलेगी।