विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र मशीन की मरम्मत के लिए 14 लाख की मांग लंबित
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला नागरिक अस्पताल फरीदाबाद में डिजिटल रेडियोग्राफी (डीआर) सिस्टम पिछले करीब डेढ़ वर्ष से खराब पड़ा है। मशीन बंद होने के कारण मरीजों को एक्स-रे जांच के लिए निजी केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। फिलहाल अस्पताल में केवल पोर्टेबल एक्स-रे मशीन के सहारे काम चलाया जा रहा है, जिसकी क्षमता सीमित होने से प्रतिदिन करीब 20 जांच ही हो पा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार डिजिटल रेडियोग्राफी सिस्टम नवंबर 2020 में स्थापित किया गया था, लेकिन जुलाई 2024 में तकनीकी खराबी के कारण इसे बंद करना पड़ा। विभाग ने मरम्मत को लेकर रिपोर्ट तैयार कर महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं को भेजी थी। मशीन की मरम्मत पर लगभग 14 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है, परंतु अभी तक बजट स्वीकृत नहीं हुआ है।
इस मुद्दे को उठाते हुए एनआईटी से विधायक सतीश फागना ने स्वास्थ्य मंत्री आरती राव को पत्र लिखकर मशीन की शीघ्र मरम्मत की मांग की है। उन्होंने देरी की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की भी बात कही है। विधायक ने कहा कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
आफत का अतिक्रमण भाग एक का प्रकाशित समाचार
आफत का अतिक्रमण भाग एक का प्रकाशित समाचार