आज पंचायत कर बनाई जाएगी रणनीति
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। अनंगपुर में प्रशासन द्वारा की जा रही तोड़फोड़ कार्रवाई के खिलाफ स्थानीय लोगों का धरना शनिवार को भी जारी रहा। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। धरने के दौरान कांग्रेस नेता विजय प्रताप, उत्तर प्रदेश के सरधना से विधायक अतुल प्रधान, किसान नेता अशोक भारती और सुंदर बाबा भी पहुंचे और ग्रामीणों का समर्थन किया।
विरोध कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि उनका गांव 1500 साल पुराना बसा हुआ है। आजादी के बाद गांव में लाल डोरा की सीमा का तय नहीं की गई। वहीं इतने पुराने बसे गांव के घरों को तोड़ना बिलकुल ठीक नहीं है।
नेताओं ने कहा कि यह कार्रवाई ग्रामीणों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने जनभावनाओं का सम्मान नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। आपको बताते चलें कि तोड़फोड़ के विरोध में 13 जुलाई को राष्ट्र स्तरीय पंचायत बुलाई जाएगी।
धरने के दौरान सभी नेताओं और ग्रामीणों की सहमति से यह तय किया गया कि रविवार 6 जुलाई को लोकल स्तर की पंचायत आयोजित की जाएगी। इस पंचायत में अगले सप्ताह होने वाली निर्णायक पंचायत की रणनीति पर विचार किया जाएगा। आंदोलनकारियों ने कहा कि वे तब तक डटे रहेंगे जब तक न्याय नहीं मिलेगा। प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है।