पलवल। जिले में ट्रैक्टरों पर अवैध डीजे, सायरन, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों और पटाखा छोड़ने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर जांच की और दर्जनों वाहनों के चालान किए। थाना यातायात प्रभारी निरीक्षक जगबीर सिंह ने बताया कि एसडब्ल्यूएटी टीमों और थाना प्रबंधकों के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत भारी जुर्माने लगाए गए। एसपी नीतीश अग्रवाल ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण और अवैध मॉडिफिकेशन आमजन के स्वास्थ्य व सुरक्षा के लिए खतरा हैं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि किसी भी प्रकार का अवैध बदलाव न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।