संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा निकाली जा रही “सनातन हिंदू एकता यात्रा” का निमंत्रण लेकर बागेश्वर धाम के कार्यकर्ता मेवात पहुंचे। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बैठकों का आयोजन हुआ, जिसमें सनातन धर्म की एकता और राष्ट्रहित के संदेश को लेकर लोगों में गहरा उत्साह देखने को मिला। बागेश्वर धाम की ओर से बिजेंद्र सिंह उर्फ बोबी राजा, घनश्याम वशिष्ठ (मुख्य सेवक, चमेली वन होडल) और रूपेश शर्मा मेवात पहुंचे और यहां उजीना, संगेल, बझेड़ा, जाजूका, बैंसी, कुर्थला सहित कई गांवों के गणमान्य लोगों से मुलाकात की। इन बैठकों में मेवात के हजारों सनातन धर्म प्रेमियों ने यात्रा में शामिल होने का संकल्प लिया।
ज्ञात हो कि बागेश्वर धाम सरकार धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री आगामी 7 नवंबर से दिल्ली के छतरपुर से वृंदावन तक 170 किलोमीटर लंबी “सनातन हिंदू एकता पदयात्रा” की शुरुआत करने जा रहे हैं। यह यात्रा 10 दिनों में पूरी होगी, जिसकी रूपरेखा वृंदावन में तैयार की गई है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने, गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने और सनातन धर्म के सभी अनुयायियों को एकजुट करने का है। मेवात के सनातनी धर्म प्रेमी बंचारी गांव से लेकर होडल तक यात्रा में शामिल होकर बागेश्वर धाम सरकार के संदेश को आगे बढ़ाएंगे।