23 जुलाई को गांव के शिव मंदिर पर जलाभिषेक करेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अभी सावन के महीने को शुरू होने में 2 दिन बाकी हैं, लेकिन उससे पहले ही जिले से कई भक्त कावड़ यात्रा शुरू कर चुके हैं। गांव नचौली के रहने वाले पूर्व सरपंच अपने साथियों के साथ गोमुख से कावड़ लेकर चल चुके हैं, जो कि 23 जुलाई को गांव में स्थित शिव मंदिर पर जलाभिषेक करेंगे।
ग्रेटर फरीदाबाद के गांव नचौली के रहने वाले पूर्व सरपंच रणबीर नागर ने बताया कि वह अपने साथी प्रेम सिंह फागाना, मनोज अवाना और सुमित नागर के साथ हर साल की तरह इस साल भी गोमुख से कावड़ लेने के लिए निकले थे। उन्होंने 2 जुलाई को जल उठाया था। अभी उनकी कांवड़ यात्रा उत्तरकाशी पहुंची है। फरीदाबाद से गोमुख करीब 520 किलोमीटर दूर है इसलिए उन्होंने यह यात्रा सावन का महीना शुरू होने से पहले ही शुरू कर ली है। वह हर रोज करीब 40 किलोमीटर चलते हैं। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान उनके साथ एक कार भी चल रही है जिसमें उनका जरूरी सामान है। अगर उनको रात को रुकने के लिए कहीं पर जगह नहीं मिलती है, तो वह कार में रखे गद्दों को सड़क किनारे बिछाकर आराम कर लेते हैं।