अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद।
स्मार्ट सीटी के लोगों को जल्द ही सीवर ओवरफ्लो, टूटी सड़कों और जल निकासी जैसी समस्याओं से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। सीएम नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पावर्ड वर्क्स कमेटी की बैठक में चार प्रमुख विकास परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। नगर निगम क्षेत्र के सीही और बुधैना गांव में पेयजल आपूर्ति, सीवरेज, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 30 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद रहे। नगर निगम ने दोनों गांवों में बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा था। लंबे समय से सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या से जूझ रहे सीही गांव के लोगों को बजट मंजूर होने के बाद राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, बुधैना में भी सीवरेज और सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए काम किए जाएंगे।
लोगों को बेहतर नागरिक सेवाएं मिल सकेंगी
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने बताया कि बैठक में फरीदाबाद की चार प्रमुख विकास परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इनमें सीही और बुधैना गांव में बुनियादी सुविधाओं का विकास, प्रतापगढ़ में ठोस कचरे का प्रसंस्करण शामिल है। इसके अलावा बल्लभगढ़ में नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है। महापौर ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और लोगों को बेहतर नागरिक सेवाएं मिल सकेंगी।