स्कूलों में नाटक के माध्यम से विज्ञान को लोकप्रिय बनाने की पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सरकारी और गैर-सरकारी स्कूल के छात्र-छात्राओं में विज्ञान के प्रति रूचि बढ़ाने के लिए विभाग हर स्तर पर काम कर रहा है। विभाग विद्यार्थियों के बीच विज्ञान को नाटक (ड्रामा) के माध्यम से लोकप्रिय बनाएगा। नाटकीय अंदाज में छात्रों को मानव जीवन में विज्ञान और तकनीक के महत्व को बताएगा, जिससे छात्र आसानी से विज्ञान को समझें। इसके साथ ही वर्तमान समय में विज्ञान और तकनीक की आवश्यकता से भी छात्रों को परिचित करेंगे। इसका उद्देश्य है कि छात्र-छात्राओं के भीतर मौजूद अपनी वैज्ञानिक दिलचस्पी को बाहर लाना।
स्कूलों में जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए आधुनिक प्रौद्योगिक का उपयोग, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, बेहतरीन खाद्य पदार्थ व मानवता के लिए विज्ञान व प्रौद्योगिकी की उपलब्धियों से संबंधित विषय पर नाटक का मंचन किया जाएगा। इसमें कक्षा नौ से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। इसका आयोजन बिड़ला औद्योगिक तथा प्रौद्योगिकी संग्रहालय भारत सरकार की ओर से इसका आयोजन किया जा रहा है। प्रारंभिक स्तर पर अगस्त में इसका आयोजन खंड स्तर पर किया जाएगा। टीम में अधिकतम आठ छात्र-छात्राएं एवं गाइड शिक्षक (निदेशक) होंगे। इनमें से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
30 मिनट का होगा नाटक
नाटक की अधिकतम अवधि 30 मिनट की होगी। वैज्ञानिक अवधारणा अधिकतम 30 अंक, प्रभावी प्रस्तुति पर 50 अंक और नाटक संदेश का प्रभाव पर 20 अंक निर्धारित किया गया है। खंड स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले नाटक, सर्वश्रेष्ठ नाटक निर्देशक, सर्वश्रेष्ठ लेखक व सर्वश्रेष्ठ कलाकार का चयन होगा। खंड और जिले स्तर के एक-एक स्कूल में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
वर्जन
खंड, जिला और राज्य स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें सरकारी और गैर सरकारी स्कूल की टीमें हिस्सा लेंगी। इसके लिए 30 अगस्त तक आवेदन किया जा सकता है।
कृष्ण कुमार, जिला विज्ञान अधिकारी शिक्षा विभाग